तस्वीर में दिख रही संस्था में बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है।

आवासीय विशेष विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के आईएचएस कॉलोनी स्थित विद्यालय में दिव्यांग बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी विशेष प्रतिभा का प्रदर्शन किया और विद्यालय परिसर में विभिन्न कृष्ण लीलाओं का मंचन किया।

संस्था सचिव अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी सजाई गई। बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजन, नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों को जीवंत किया। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के उत्साह और सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सर्वेश सिंह ने बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष शिक्षक सचिन सिंह, हनुमान गुर्जर, सुरेंद्र कुमार, श्याम सुंदर, हेमंत साहू, अमिता मीणा, अकाउंटेंट यश सिसोदिया, वार्डन भानु प्रताप सिंह एवं हेल्पर युवराज सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा तथा बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती रही।

Tags: