नगरीय निकाय चुनाव में मतपत्रों की छपाई पर कड़ी निगरानी, मतदान केन्द्रों की सुविधाओं पर जोर
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने मतपत्रों की त्रुटिरहित प्रिंटिंग, मतदान दलों की ड्यूटी, प्रशिक्षण और केन्द्रों पर सुविधाओं के निर्देश दिए।
तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर रिटर्निंग अधिकारियों और प्रकोष्ठों के प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने नाम निर्देशन पत्र वापसी के बाद उम्मीदवारों की संख्या तय होने के साथ आगामी चुनाव प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार को निकाय चुनाव के संबंध में सभी रिटर्निंग अधिकारियों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने निर्देश दिए कि शुक्रवार को निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने के बाद मत पत्रों की डिजाइन एवं प्रिंटिंग की प्रक्रिया त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाए। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मतदान दलों को उस निकाय क्षेत्र में चुनावी ड्यूटी पर नहीं लगाया जाए, जहां वे स्वयं मतदाता हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान दलों के सदस्यों को आवश्यकता होने पर स्वयं के मतदान के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए रिटर्निंग अधिकारी के स्तर पर 7 सितम्बर को नियमानुसार फेसिलिटेशन सेंटर संचालित करने के निर्देश दिए गए।
काना राम ने मतदान के लिए रवाना होने से पहले मतदान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा मतदान सामग्री के साथ उनकी सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों पर पानी, बिजली और टॉयलेट की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जरूरत होने पर दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था करने तथा सभी मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों की सूचियों के प्रकाशन के बाद ईवीएम मशीनों को मतदान के लिए तैयार करने यानी कमीशनिंग की प्रक्रिया राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमीशनिंग की प्रक्रिया के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को समय पर सूचना दी जाए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। काना राम ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी व्यक्ति को मतदान केन्द्र पर मोबाइल फोन का उपयोग करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान केन्द्रों के आसपास इस संबंध में आवश्यक सूचना प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।