श्यारोली में हरियालो राजस्थान अभियान: 65 पौधे लगाकर युवाओं ने लिया संरक्षण का संकल्प
श्यारोली गांव में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां 65 पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के छात्रों ने 250 पेड़ लगाने का लक्ष्य लेकर पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी ली।
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के छात्रों के साथ उप प्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता ने वृक्षारोपण किया
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यारोली के उपप्रधानाचार्य एवं प्रभारी मुख्यमंत्री युवा संबल योजना सोहन लाल गुप्ता के निर्देशन में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत श्यारोली गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और मुख्यमंत्री युवा संबल योजना से जुड़े छात्रों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वृक्षारोपण अभियान के तहत कैलाश महावर और ऋषि राम सैनी ने कल्लातिन बालाजी के आंगन में गुलमोहर, सदाबहार, मोगरा और चमेली के 15 पेड़-पौधे लगाए। इस कार्य में गांववासी राजेंद्र जाट और राम शर्मा ने भी योगदान दिया।
इसके बाद श्मशान घाट और चारागाह क्षेत्र में अंकित सैनी, मोहित शर्मा, कौशल सैनी और शिव कुमार जाट ने पीपल, वास, नीम, बड़, चिरोल सहित विभिन्न प्रजातियों के 50 पेड़ लगाए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रभु लाल बेरवा ने पेड़-पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। पेड़-पौधों के कारण ही मौसम अच्छा रहता है और बरसात समय-समय पर आती है।
कार्यक्रम में सोहन लाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के अंतर्गत जुड़े बेरोजगार छात्रों से 250 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा और उनकी जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की। सभी छात्रों ने लगाए गए पेड़-पौधों की सुरक्षा करने और समय-समय पर पानी देने की जिम्मेदारी ली।
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत श्यारोली गांव में किए गए इस वृक्षारोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों और युवाओं की भागीदारी को रेखांकित किया।