गंगापुर सिटी में लावारिस मिले असहाय प्रभुजी का अपना घर सेवा समिति ने किया रेस्क्यू
गंगापुर सिटी में रामबाग मोक्ष धाम के पास मिले लावारिस असहाय व्यक्ति को अपना घर सेवा समिति ने रेस्क्यू किया। पुलिस वेरिफिकेशन के बाद प्रभुजी को हिंडौन आश्रम भेजा गया।
तस्वीर में गंगापुर सिटी पुलिस थाना कोतवाली के बाहर अपना घर सेवा समिति के पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और रेस्क्यू किया गया व्यक्ति खड़े नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी में चूली गेट स्थित रामबाग मोक्ष धाम के पास असहाय अवस्था में पड़े एक लावारिस व्यक्ति का अपना घर सेवा समिति (पुरुष इकाई), गंगापुर सिटी के पदाधिकारियों ने रेस्क्यू कर मानव सेवा का कार्य किया।
आज दिनांक 2 अगस्त 2026, रविवार को पीड़ित मानव सेवा के लिए समर्पित अपना घर सेवा समिति (पुरुष इकाई), गंगापुर सिटी के पदाधिकारियों को फोन द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि चूली गेट स्थित रामबाग मोक्ष धाम के पास एक लावारिस व्यक्ति असहाय स्थिति में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही समिति के पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यक्ति की स्थिति का जायजा लिया। परिस्थितियों का अवलोकन करने के बाद पाया गया कि प्रभु जी खड़े रहने एवं चलने में असमर्थ हैं।
इसके बाद समिति पदाधिकारियों ने प्रभुजी का रेस्क्यू किया और तुरंत एक गाड़ी की व्यवस्था कर उन्हें पुलिस थाना कोतवाली गंगापुर सिटी ले जाया गया। वहां वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करवाने के बाद पीड़ित प्रभुजी को हिंडौन आश्रम भिजवाया गया।
इस सेवा कार्य में क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं समिति संरक्षक श्री रमेश गुप्ता पट्टीवाले, समिति अध्यक्ष श्री अशोक बंसल, समिति सचिव श्री अभिषेक रावत एवं वाहन चालक निधेश शर्मा उपस्थित रहे। अपना घर सेवा समिति के पदाधिकारियों द्वारा किए गए इस सेवा कार्य से असहाय व्यक्ति को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया।