गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने की मुहिम तेज, 4 नवंबर से गो रथ के साथ जिलेभर में चलेगा हस्ताक्षर अभियान
गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए गो रथ से प्रचार किया जाएगा और 17 दिसंबर को जयपुर में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
गोपाल गौशाला परिसर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तीसरे चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक में भाग लेते गौशाला संचालक और गौ सेवक।
गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और गोहत्या के कलंक से भारतवर्ष को मुक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत 4 नवंबर, बुधवार से गो रथ के साथ संपूर्ण जिले में प्रचार-प्रसार और हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गौशाला संचालकों और गौ सेवकों ने व्यापक स्तर पर जनसंपर्क करने का निर्णय लिया है।
गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज और साधु-संतों के सानिध्य में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सरकार को तीन चरणों में ज्ञापन दिए जाने हैं। प्रथम और द्वितीय चरण पूरे होने के बाद अब तृतीय चरण की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
18 अक्टूबर को दशहरा मैदान स्थित गोपाल गौशाला परिसर में आयोजित संपूर्ण जिला बैठक में गौशाला संचालकों और गौ भक्तों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। बैठक में अभियान की प्रगति, प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान को गति दी जाएगी और गौ माता की महिमा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए एक प्रचार-प्रसार रथ तैयार करने की स्वीकृति भी दी गई।
बैठक में सभी गौशालाओं और गौ प्रेमियों से अभियान में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की गई। निर्धारित प्रपत्र पर ज्यादा से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर करवाकर अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया गया। नगर परिषद क्षेत्र के वार्डवासियों और पार्षदों से भी आह्वान किया गया कि वे हस्ताक्षर अभियान को गति देने में सहयोग करें, ताकि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और भारतवर्ष को गोहत्या के कलंक से मुक्त करने के उद्देश्य को आगे बढ़ाया जा सके।
अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए समितियां भी निर्धारित की गई हैं। ये समितियां जिले की पंचायतों और ग्रामीण इकाइयों में जाकर गो रथ के माध्यम से अभियान का प्रचार करेंगी और निर्धारित प्रपत्र पर लोगों के हस्ताक्षर करवाएंगी। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को 17 दिसंबर 2026 को जयपुर पहुंचने का निमंत्रण दिया जाएगा। अभियान के तहत बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचकर राजस्थान सरकार के माननीय मुख्यमंत्री को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने की योजना है।
गोविंद नारायण शर्मा ने नगर परिषद क्षेत्र सहित जिले के सभी लोगों से हस्ताक्षर अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने और इस पुनीत कार्य को सफल बनाने का आह्वान किया। अभियान के तृतीय चरण में गो रथ के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचने तथा जनसहयोग से मांग को सरकार तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में गोपाल गौशाला से कृपा शंकर उपाध्याय, नंगे बाबा गौशाला से शिवनारायण गुप्ता, हनुमान 108 पुठिया गौशाला से कृष्ण कुमार सुराणा, श्याम गौ सेवा समिति डूंगरी गौशाला से नंदकिशोर अग्रवाल, गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा, इंद्रदेव गुप्ता, मुकेश कुमार मीणा, ओम प्रकाश गुप्ता, कृष्णानंद दीक्षित, ओमप्रकाश शर्मा, रामनिवास गर्ग, नागेश कुमार शर्मा, शंभू दयाल गुप्ता, पूनम जगबानी, राधा दीक्षित, उषा देवी, पायल कुमारी, प्रियांशु, चंचल जगबानी, श्रवण कुमार शर्मा, सुरेश चंद्र, बृजनंदन, प्रियंका शर्मा, मोहित वैष्णव, किरण शर्मा, जगदीश शर्मा और गिरधारी शर्मा सहित दर्जनों गौ सेवक एवं गौशाला संचालक उपस्थित रहे।