शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, सवाई माधोपुर में एक आरोपी गिरफ्तार
सवाई माधोपुर में शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग से अधिक मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने तीन वाहन, चार मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए। जांच में करोड़ों के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं।
सवाई माधोपुर के रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए ठगी करने वाले आरोपी राजेंद्र मीना को पुलिस ने जब्त गाड़ियों के साथ गिरफ्तार किया।
सवाई माधोपुर जिले में शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना रवांजना डूंगर और जिला विशेष टीम (DST) की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी राजेंद्र मीना को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से चार मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक, दो एटीएम कार्ड और तीन वाहन जब्त किए हैं। मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच में करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS) के निर्देशन तथा भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती प्रीति चंद्रा (IPS) के मार्गदर्शन में जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल और पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) रामधन चौधरी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस थाना रवांजना डूंगर के थानाधिकारी उप निरीक्षक श्यामसुंदर के नेतृत्व में गठित टीम गश्त के दौरान कुश्तला-टोंक रोड स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के पास पहुंची। वहां एक काले रंग की स्कॉर्पियो, एक वैन्यू कार और एक मोटरसाइकिल खड़ी थी। इनके पास चार युवक बैठे हुए थे। पुलिस की गाड़ी को अपनी ओर आता देखकर चारों युवक मोबाइल फोन और गाड़ियां छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे। संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके तीन अन्य साथी मोबाइल फोन और वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से चार मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक और दो एटीएम कार्ड बरामद किए। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने का मामला सामने आया। इसके बाद राजेंद्र मीना पुत्र ओमप्रकाश, जाति मीना, उम्र 29 वर्ष, निवासी छारोदा, पुलिस थाना कुंडेरा, जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो, जिसका नंबर 25BH2588G है, वैन्यू कार नंबर RJ25TA3236 और मोटरसाइकिल नंबर RJ25SY0782 जब्त की। इसके साथ चार मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक और दो एटीएम कार्ड भी जब्त किए गए। फरार तीनों आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल एप्लिकेशन और टेलीग्राम चैनलों का संचालन कर लोगों को शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। इसके लिए वे डेवलपर से विशेष मोबाइल ऐप तैयार करवाते थे और निवेशकों को उससे जोड़ते थे। आरोपी मोबाइल फोन, इंटरनेट, फर्जी दस्तावेजों से प्राप्त सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों का इस्तेमाल कर लोगों से रकम निवेश करवाते थे। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड और बैंक खातों का उपयोग कर आरोपियों ने लोगों के साथ धोखाधड़ी की और अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया।
आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच में करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। मामले में वित्तीय और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में चारों आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर पोर्टल पर कुल नौ साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में पुलिस थाना रवांजना डूंगर में प्रकरण संख्या 189/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338 और 112(2), सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 66C और 66D तथा RPGO की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी उप निरीक्षक श्यामसुंदर, हेड कांस्टेबल हनुमान नंबर 43, कांस्टेबल बसाराम नंबर 1167, कांस्टेबल शिशराम नंबर 1388, कांस्टेबल प्रवीण नंबर 1487, कांस्टेबल मोरपाल नंबर 1096, कांस्टेबल अशोक कुमार नंबर 487 और जिला विशेष टीम (DST) शामिल रही। पुलिस की जांच अब आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और फरार साथियों की भूमिका पर केंद्रित है।