गंगापुर सिटी की पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर में नवरात्र महोत्सव के दौरान मां दुर्गा के समक्ष सजाया गया छप्पन भोग का प्रसाद।

गंगापुर सिटी की पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में नवदुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नवरात्र महोत्सव में रविवार को अष्टमी पर श्रद्धा और भक्ति का विशेष आयोजन हुआ। भक्तों की ओर से मां दुर्गा को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके साथ ही 1100 दीपों से महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया। छप्पन भोग के दर्शन सोमवार को भी श्रद्धालुओं के लिए खुले रहे।

महाआरती में विजय मित्तल अतेवा, दिनेश करणपुर, रमेश शर्मा पडासोट, विष्णु गुप्ता, वेद प्रकाश मंगल, राधामोहन गोयल, अजय पाराशर, प्रेमचंद तलवाड़ा, हेमेंद्र बोहरा, डीके गार्ड, श्याम शर्मा, सेवा कीर्ति कुमार, किरोड़ी लाल पत्रकार, बनवारी पत्रकार, अनुज शर्मा, दीपक सिंघल, महेश पंसारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

महाआरती के बाद मंदिर परिसर में डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने माता के भजनों पर गरबा नृत्य किया। नवरात्र महोत्सव के दौरान मां दुर्गा को विशेष भोग भी अर्पित किए गए। बनवारी बाबा पत्रकार ने रबड़ी का भोग लगाया, जबकि लड्डू लाल वैध ने सेब और पूर्व उपसभापति दीपक सिंघल ने पैठे का भोग अर्पित किया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

सोमवार सुबह नवमी के अवसर पर पंडित दीपक कृष्ण शास्त्री सहित 11 विद्वान पंडितों ने सामूहिक रूप से मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री का विधि-विधान से पूजन कराया। पंडित दीपक शास्त्री ने कहा कि माता सिद्धिदात्री अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।

नवरात्र महोत्सव के तहत सोमवार रात को पावन आहुति का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े अनुज शर्मा ने बताया कि दशमी के अवसर पर मंगलवार को कन्याओं का पूजन किया जाएगा। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराकर भंडारे का आयोजन होगा। छप्पन भोग, 1100 दीपों की महाआरती, डांडिया महोत्सव, पूजन और प्रसादी वितरण के साथ सीताराम मंदिर परिसर में नवरात्र महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम जारी हैं।

Tags: