सलूंबर में फर्जी वेबसाइट से आधार प्रिंट करने वाला ई-मित्र केंद्र सील
अनधिकृत वेबसाइट से आधार प्रिंटिंग और तय मानकों का उल्लंघन करने पर ई-मित्र संचालक हीरा लाल मीणा का कियोस्क बंद कर दिया गया है।
तस्वीर में एक प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय में अपनी मेज पर बैठे दिख रहे हैं।
सलूंबर, 08 सितंबर। अनधिकृत वेबसाइट के माध्यम से आधार कार्ड प्रिंटिंग की शिकायत पर सलूंबर में ई-मित्र केंद्र के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। राजकाज रेफरेंस नंबर के माध्यम से प्राप्त शिकायत के क्रम में हीरा लाल मीणा, ई-मित्र संचालक, कियोस्क कोड K13027938, ग्राम पंचायत कुण, बस स्टैंड कुण के विरुद्ध आधार कार्ड नामांकन एवं प्रिंटिंग से संबंधित अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर संबंधित ई-मित्र कियोस्क का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित ई-मित्र कियोस्क पर आधार कार्ड प्रिंटिंग के लिए अधिकृत यूआईडीएआई प्रक्रिया के स्थान पर अनधिकृत तृतीय-पक्ष वेबसाइट “epansewa.in” का उपयोग किया जा रहा था। ई-मित्र कियोस्क संचालक ने निरीक्षण के दौरान उक्त वेबसाइट के माध्यम से आधार कार्ड प्रिंटिंग की प्रक्रिया स्वीकार की और इसका लाइव प्रदर्शन भी किया।
जांच में यह भी सामने आया कि तृतीय-पक्ष वेबसाइट के माध्यम से आधार कार्ड तैयार एवं प्रिंट किए जाने के लिए संचालक प्रति कार्ड 20 रुपये शुल्क ले रहा था। संबंधित लेन-देन का विवरण निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज किया गया है। साथ ही आधार नंबर के सत्यापन एवं प्रमाणीकरण के लिए निर्धारित यूआईडीएआई प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जाना भी पाया गया।
पूछताछ के दौरान ई-मित्र संचालक ने बताया कि वह काफी समय से उक्त तृतीय-पक्ष वेबसाइट का उपयोग कर रहा था। संचालक के अनुसार वेबसाइट के माध्यम से तैयार किए गए आधार कार्डों का इतिहास एवं रिकॉर्ड प्रत्येक सात दिवस में स्वतः डिलीट अथवा क्लियर हो जाता है।
निरीक्षण में प्राप्त तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि संबंधित ई-मित्र संचालक निर्धारित एवं अधिकृत प्रक्रिया के विपरीत अनधिकृत वेबसाइट का उपयोग कर आधार कार्ड प्रिंटिंग की सेवा प्रदान कर रहा था। यह ई-मित्र सेवा संचालन की निर्धारित शर्तों एवं संबंधित दिशा-निर्देशों के विपरीत पाए जाने पर ई-मित्र ब्रांड के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए ई-मित्र एसएलए के बिंदु 9.2(ii) के अंतर्गत Action on Fraud के तहत श्री हीरा लाल मीणा के ई-मित्र कियोस्क कोड K13027938 को ई-मित्र पोर्टल पर स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह जानकारी उप निदेशक दीपक धाकड़ ने दी।