सलूंबर नगर परिषद चुनाव: 11 सितंबर को मतदान, कलेक्टर ने जारी किया वीडियो संदेश
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पीपी ने मतदाताओं से निष्पक्ष वोटिंग की अपील की। 14 सितंबर को होगी मतगणना।
तस्वीर में सलूंबर में नगरीय निकाय चुनाव बैनर के सामने अधिकारी और नागरिक बैठे दिख रहे हैं।
सलूंबर, 08 सितम्बर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में 11 सितम्बर को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी ने वीडियो संदेश जारी कर सलूंबर शहर के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आवश्यक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत 11 सितम्बर को मतदान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सलूंबर शहर के सभी सम्मानित मतदाताओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में 11 सितम्बर, 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 सितम्बर, 2026 को मतगणना की जाएगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया, रैंप, व्हीलचेयर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से मतदान दिवस पर निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचने, आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ रखने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत जितना अधिक होगा, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही अधिक सशक्त होगी। प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट लोकतंत्र की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सलूंबर शहर के मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव, प्रलोभन अथवा भेदभाव के अपने विवेक के आधार पर मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी ने सलूंबर शहरवासियों से ‘मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ 11 सितम्बर को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने तथा लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।