सलूम्बर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) जिला सलूम्बर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला शैक्षिक सम्मेलन का शुभारंभ आज प्रातः 10 बजे लवकुश उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर में होगा। सम्मेलन में जिलेभर से सैकड़ों शिक्षक सहभागिता करेंगे।

जिलाध्यक्ष हिमांशु भट्ट ने बताया कि सम्मेलन के प्रथम सत्र का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ होगा। प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के पूर्व कुलपति एवं विद्या प्रचारिणी सभा के कार्यकारी अध्यक्ष कर्नल डॉ. शिवसिंह सारंगदेवोत होंगे। वहीं संत सानिध्य बाल ब्रह्मचारी संत श्री श्री 1008 गुलाबदास जी महाराज, माकड़ादेव धाम, झाड़ोल का प्राप्त होगा।

सम्मेलन के द्वितीय सत्र में संगठन के संभाग उपाध्यक्ष पूरणमल लौहार का पाथेय प्राप्त होगा। तृतीय सत्र में खुला चर्चा सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षक शिक्षा, संगठन एवं विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

जिला मंत्री कमल आमेटा ने बताया कि सम्मेलन में संगठन के वार्षिक प्रतिवेदन, वर्षभर किए गए कार्यों तथा आगामी वार्षिक कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। शिक्षा, शिक्षक एवं शिक्षार्थी हित में संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों तथा आगामी रणनीतियों पर भी मंथन होगा।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दूसरे दिन, शनिवार को विद्यानिकेतन माध्यमिक विद्यालय में संगठन चर्चा एवं जिला स्तरीय बैठक आयोजित होगी। इसमें शिक्षक समस्याओं पर समस्या मंथन सत्र भी होगा। जिले के पर्यवेक्षक राजेन्द्र सिंह सारंगदेवोत इस सत्र में उपस्थित रहेंगे।

अतिरिक्त मंत्री नरेन्द्र कुमार पटेल ने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में जिले के सैकड़ों शिक्षक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मेलन के माध्यम से संगठन के प्रति समर्पण, आपसी एकजुटता और शिक्षक एकता का परिचय देंगे।

दो दिवसीय जिला शैक्षिक सम्मेलन को लेकर शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। सम्मेलन विचार-विमर्श के साथ शिक्षक एकता, संगठनात्मक सुदृढ़ता और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक दिशा तय करने का अवसर बनेगा। जिलेभर से सैकड़ों शिक्षक शिक्षा, शिक्षक एवं शिक्षार्थी हित से जुड़े विषयों पर सामूहिक चिंतन करेंगे तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना को प्रभावी बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। सम्मेलन के माध्यम से शिक्षक समाज की एकजुटता, सक्रिय सहभागिता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश सामने आएगा।

Tags: