पंचायतीराज चुनाव में सुगम मतदान के लिए सलूम्बर में आयोजित स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण।

सलूम्बर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय एवं चतुर्थ चरण में कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे और दिव्यांग एवं वृद्धजन मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी बाधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले में कुल 1,180 स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स मतदान दिवस पर सेवाएं देंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे, जो जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला के निर्देशानुसार वॉलंटियर्स को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। सीओ स्काउट सुनील कुमार सोनी ने बताया कि जिले के लसाड़िया, सलूम्बर, गींगला, जयसमंद, सेमारी, सराड़ा तथा झल्लारा स्थानीय संघों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में वॉलंटियर्स को मतदान केंद्रों पर उनकी जिम्मेदारियों, मतदाताओं की सहायता और सुगम मतदान की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

सीओ स्काउट सुनील कुमार सोनी के अनुसार, वॉलंटियर्स का प्रमुख दायित्व दिव्यांग एवं वृद्धजन मतदाताओं को मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार से मतदान बूथ तक पहुंचने और मतदान के बाद वापस जाने में सहायता करना होगा। जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर की उपलब्धता एवं उसके उपयोग में मदद करने के साथ ही मतदाताओं को मतदान केंद्र पर निर्धारित सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहयोग दिया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शारीरिक असुविधा, अधिक आयु अथवा आवागमन संबंधी कठिनाइयों के कारण किसी भी मतदाता को मतदान करने में परेशानी नहीं हो। वॉलंटियर्स मतदाताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता और सम्मान के साथ उनकी सहायता करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को सुगम मतदान प्रोटोकॉल, मतदाताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार, निर्वाचन आचार संहिता की पालना तथा मतदान केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी वॉलंटियर्स को मतदान दिवस पर निर्धारित समय से पहले यूनिफॉर्म एवं पहचान पत्र के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आरपी पूर्वेन्द्र टांक, एडीसी स्काउट मो. अंसार काजी, एडीसी गाइड सलमा मंसूरी, लसाड़िया संघ सचिव सोहनलाल मेघवाल, चन्द्रप्रकाश सुथार, गाइडर प्रियंका सोनी, दामिनी आमेटा, डॉ. शबनम शेख, सलूम्बर संघ सचिव श्यामकिशोर उपाध्याय, सराड़ा (चावण्ड) संघ सचिव हीरालाल डांगी, हेमेन्द्र सिंह राठौड़, यशवन्ती चौबीसा, सुरेश चन्द फुलवारी, मो. इशाक तथा कल्पना कुमारी त्रिवेदी ने वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया।

स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स की तैनाती से पंचायतीराज चुनाव के दौरान दिव्यांग एवं वृद्धजन मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और मतदान प्रक्रिया को सुगम, सहज एवं सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। सेवा, सहयोग और अनुशासन के मूल मंत्र के साथ 1,180 स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।

Tags: