तस्वीर में सलूम्बर में खाद्य सुरक्षा कार्रवाई के दौरान सील किए जा रहे खाद्य पदार्थों के नमूने।

दीपावली के त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सलूम्बर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है। ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने लसाड़िया क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 52 किलोग्राम पुराना मावा एवं मिठाई मौके पर ही नष्ट करवाई।

जिला कलक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. तथा अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूम्बर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने लसाड़िया स्थित मैसर्स न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार और महालक्ष्मी स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार में 45 किलोग्राम पुराना मावा और 7 किलोग्राम मिठाई मिली। खाद्य सुरक्षा दल ने मौके पर ही कुल 52 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट करवाई। इसके साथ ही न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार और महालक्ष्मी स्वीट्स एंड बेकरी से खाद्य नमूने भी लिए गए।

विभाग के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली के दौरान आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है और खाद्य नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजे गए हैं।

त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए विभाग की ओर से निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा एवं सहायक शूरवीर सिंह उपस्थित रहे।

Tags: