सलूंबर में एक कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों को संबोधित करते जिला निर्वाचन अधिकारी।

सलूंबर, 3 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम जारी होते ही सलूंबर जिले में गांव की सरकार चुनने की निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो गई है। जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव चतुर्थ एवं अंतिम चरण में होंगे। जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान एक चरण में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा।

सलूंबर जिले में 7 पंचायत समितियां, 207 ग्राम पंचायतें, 105 पंचायत समिति वार्ड और 21 जिला परिषद वार्ड हैं। इसके साथ ही जिले में 1,665 पंच वार्ड हैं। निर्वाचन के लिए 522 मतदान केंद्र और 8 सहायक मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं।

3 अक्टूबर 2026 तक ई-रोल पोर्टल के अनुसार जिले में कुल 4,71,937 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,39,832 पुरुष, 2,32,104 महिला और 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान

सलूंबर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 14 नवंबर 2026, शनिवार को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे से जिला परिषद और संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर होगी।

निर्वाचित जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख तथा पंचायत समिति सदस्य प्रधान एवं उप प्रधान का चुनाव करेंगे।

16 नवंबर को सरपंच-पंच के लिए मतदान, उसी दिन आएंगे परिणाम

ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं पंच पदों के लिए 16 नवंबर 2026, सोमवार को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना शुरू होगी और सरपंच एवं पंच पदों के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। इसके बाद 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।

25 से 28 नवंबर तक जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान एवं उप प्रधान के चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे। 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इन चुनावों में मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सात पंचायत समितियों में 207 ग्राम पंचायतें

सलूंबर पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 31 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 31 सरपंच चुने जाएंगे।

झल्लारा पंचायत समिति क्षेत्र में जिले की सात पंचायत समितियों में सबसे अधिक 35 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 35 सरपंच पदों के लिए चुनाव होगा।

गिंगला पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 21 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 21 सरपंच पदों के लिए निर्वाचन होगा।

जयसमंद पंचायत समिति क्षेत्र में 29 ग्राम पंचायतें हैं। क्षेत्र से 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 29 सरपंच चुने जाएंगे।

सराड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 32 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 32 सरपंच पदों के लिए निर्वाचन होगा।

लसाड़िया पंचायत समिति क्षेत्र में 29 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 29 सरपंच चुने जाएंगे।

सेमारी पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 30 ग्राम पंचायतें हैं। यहां 3 जिला परिषद सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और 30 सरपंच पदों के लिए चुनाव होगा।

इस तरह जिले की सातों पंचायत समितियों से 21 जिला परिषद सदस्य और 105 पंचायत समिति सदस्य चुने जाएंगे। वहीं 207 ग्राम पंचायतों में 207 सरपंच निर्वाचित होंगे। जिले के 1,665 पंच वार्डों में पंच पदों के लिए भी निर्वाचन होगा।

31 अक्टूबर को जारी होगी लोक सूचना

पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए चरणवार निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। सलूंबर जिले में चतुर्थ चरण में चुनाव होने के कारण संबंधित निर्वाचन प्रक्रिया चतुर्थ चरण की समय-सारणी के अनुसार होगी।

चतुर्थ चरण के लिए लोक सूचना 31 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 4 नवंबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करनी होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी चुनाव कार्यक्रम की जानकारी

पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जिले में होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव, मतदान केंद्रों, मतदाता संख्या और निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन आवश्यक तैयारियां कर रहा है। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नामांकन, मतदान, मतगणना एवं अन्य निर्वाचन कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी पुष्पक मीणा, अमोल अहारी सहित जिले के मीडियाकर्मी मौजूद रहे। सलूंबर में 4,71,937 मतदाताओं के बीच पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की यह प्रक्रिया जिला परिषद से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक प्रतिनिधियों के निर्वाचन के साथ पूरी होगी।

Tags: