सलूंबर: नगर परिषद सभापति नरेश जैन ने किया गौशाला का निरीक्षण, दिए सुधार के निर्देश
गौशाला में फैली कीचड़ और टूटी चारदीवारी पर जताई नाराजगी, शहर के विकास और रिंग रोड निर्माण में पर्यावरण संतुलन का दिया आश्वासन।
तस्वीर में रामेश्वर गौशाला परिसर में खड़े होकर नगर परिषद जनप्रतिनिधि अधिकारियों से चर्चा करते दिख रहे हैं।
सलूम्बर। शहर के भई रोड स्थित रामेश्वर गौशाला में शुक्रवार को नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति नरेश जैन, उपसभापति डॉ. लव व्यास एवं पार्षदों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गौशाला में टूटी चारदीवारी, कीचड़ सहित विभिन्न अव्यवस्थाएं देखकर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई और संबंधित नगर परिषद अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सभापति नरेश जैन ने कहा कि गौ माता सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। नगर परिषद द्वारा संचालित रामेश्वर गौशाला को व्यवस्थित कर इसका स्वरूप बदला जाएगा। गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे।
सभापति जैन ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। रिंग रोड निर्माण को लेकर भी उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर कार्य किया जाएगा।
उपसभापति डॉ. लव व्यास ने कहा कि नगर परिषद में सभी जनप्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सर्वदलीय भावना के साथ शहर के विकास के लिए काम करेंगे। गौशाला के बाद शहर में चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रिंग रोड का कार्य शहर की जरूरत है और इसे लेकर मन में टीस के साथ लक्ष्य भी है कि सलूम्बर को स्वच्छ और सुंदर बनाकर प्रदेश के नक्शे पर नई पहचान दिलाई जाए। उन्होंने इसके लिए आमजन के सहयोग को भी जरूरी बताया।
इस दौरान पार्षद नारायणलाल भोई, नूर मोहम्मद, पूर्व उपसभापति अब्दुल रऊफ खान, पूर्व पार्षद किशन सिंह चुंडावत, प्रहलाद पटेल, मोहम्मद सोहिल सहित अन्य मौजूद रहे।