बोरकापानी ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।

लसाड़िया। नवगठित ग्राम पंचायत बोरकापानी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण के साथ ही उत्सव का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज, गांव-गांव में फूल-मालाओं से स्वागत और ग्रामीणों के उत्साह के बीच नवनिर्वाचित सरपंच मुकेश कुमार मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर पंचायत की जिम्मेदारी संभाली। पंचायत के गठन के बाद पहली बार आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

समारोह में नवनिर्वाचित सरपंच मुकेश कुमार मीणा, उपसरपंच गंगाराम मीणा और छह वार्डपंचों ने विधिवत शपथ ग्रहण कर पदभार संभाला। ग्राम विकास अधिकारी हीरालाल मेनारिया ने सुबह 11:15 बजे सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद पंडित भावेश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाई। धार्मिक विधि-विधान के बीच जनप्रतिनिधियों ने अपना कार्यभार ग्रहण किया।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के समर्थन में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों के साथ निकला यह जुलूस बोरकापानी से रवाना होकर झाबुआ, लिफाफा, पाई मांडली और पिपलापानी सहित विभिन्न गांवों से गुजरा। रास्ते में ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से जनप्रतिनिधियों का स्वागत और अभिनंदन किया। विजय जुलूस के दौरान ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

समारोह में जनप्रतिनिधि जमनालाल मीणा, कन्हैयालाल मीणा, ओवरा के पूर्व सरपंच कमलेश मीणा, ओवरा भेरूलाल मीणा, पूर्व वार्डपंच धनराज मीणा, फतहलाल मीणा, लोगरलाल मीणा, मालाराम, भेरूलाल मीणा, झाबुआ के लोगरलाल मीणा और पाई मांडली के सुरेश मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

नवगठित ग्राम पंचायत बोरकापानी में पहली बार आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह रहा। ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और वार्डपंचों को बधाई देते हुए पंचायत के विकास तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। जनप्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण के साथ ही बोरकापानी पंचायत में नई जिम्मेदारियों और विकास कार्यों की शुरुआत हुई।

Tags: