सलूम्बर-उदयपुर मेगा हाईवे पर कार और बोलेरो की भिड़ंत, बाल-बाल बचे भाजपा नेता
पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के बाद उदयपुर लौट रहे भाजपा जिलाध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष के वाहन को चाटपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मारी।
सलूम्बर-उदयपुर हाईवे पर शनिवार रात चुनाव ड्यूटी से लौट रहे भाजपा नेताओं के वाहन को कार ने टक्कर मारी।
सलूम्बर। सलूम्बर-उदयपुर मेगा हाईवे पर शनिवार देर रात चाटपुर गांव के समीप तेज रफ्तार आर्टिका कार और बोलेरो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बोलेरो में सवार भाजपा नेताओं सहित अन्य लोगों को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, सलूम्बर जिले में पंचायतीराज चुनाव का चौथा चरण संपन्न करवाने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा और जिला प्रभारी हरिश रावत बोलेरो में सवार होकर उदयपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चाटपुर गांव के निकट उदयपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार आर्टिका कार ने बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
अचानक हुई इस भिड़ंत की तेज आवाज दूर तक सुनाई दी। दोनों वाहनों की हालत देखकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। टक्कर के कारण बोलेरो को काफी नुकसान पहुंचा और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और दुर्घटना को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
हादसे में सबसे बड़ी राहत यह रही कि बोलेरो में सवार भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा, जिला प्रभारी हरिश रावत सहित अन्य लोगों को कोई चोट नहीं आई। पंचायतीराज चुनाव की जिम्मेदारी पूरी कर लौट रहे भाजपा नेताओं के वाहन के साथ हुई इस दुर्घटना में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
सलूम्बर को उदयपुर से जोड़ने वाले मेगा हाईवे पर देर रात हुई इस जोरदार भिड़ंत ने तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क पर पैदा होने वाले खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया।