सलूम्बर में दीपावली पर दीपों और रोशनी से जगमगाए बाजार, लक्ष्मी पूजन कर बांटी खुशियां
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक बनी रही रौनक, लोगों ने विधि-विधान से पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सलूम्बर। प्रकाश पर्व दीपावली पर रविवार को सलूम्बर शहर सहित आसपास के गांव-ढाणियां दीपों और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से जगमगा उठीं। दीपमालिका पर्व को लेकर सुबह से ही शहर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी और देर शाम तक बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे।
दीपावली के उत्साह के बीच लोगों ने कपड़ा, मनिहारी, मिठाई, सजावटी सामान और पूजन सामग्री सहित विभिन्न दुकानों पर जमकर खरीदारी की। पर्व को देखते हुए व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया। शाम ढलते ही घरों, गली-मोहल्लों और बाजारों में दीपों तथा विद्युत झालरों की रोशनी फैल गई। रोशनी से नहाए शहर में दीपोत्सव का मनमोहक नजारा दिखाई दिया।
इस दौरान लोगों ने नवीन परिधानों में सज-धजकर एक-दूसरे से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मिठाइयों का आदान-प्रदान कर खुशियां साझा की गईं। शुभ मुहूर्त में घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी का पूजन किया गया तथा परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की गई। महिलाओं और बच्चों ने घरों के आंगन में आकर्षक रंगोलियां सजाकर पर्व की रौनक बढ़ाई।
दीपावली के अवसर पर लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर दीपदान किया और भगवान के दर्शन कर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। सुबह से शुरू हुआ उत्सव देर रात तक जारी रहा। शहर सहित आसपास के गांव-ढाणियों में दीपों की रोशनी, बाजारों की चहल-पहल और लोगों के उत्साह के बीच दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया।