बाएं से दाएं बाल साहित्य पुरस्कार 2026 के लिए सम्मानित साहित्यकार दिखाई दे रहे हैं।

बाल साहित्य के सृजन के साथ उसके शोध, समीक्षा और आलोचनात्मक मूल्यांकन को नई पहचान देने की दिशा में सलिला संस्था, सलूम्बर ने वर्ष 2026 के अखिल भारतीय स्तर के बाल साहित्य अलंकरणों की घोषणा की है। संस्था की अध्यक्ष डॉ. विमला भंडारी ने विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित होने वाले साहित्यकारों के नाम घोषित किए हैं। इस वर्ष मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी, भोपाल के निदेशक डॉ. विकास दवे को सर्वोच्च सलिला बाल साहित्य शिरोमणि सम्मान प्रदान किया जाएगा।

डॉ. विकास दवे को यह सम्मान उनकी दीर्घकालीन साहित्यिक सेवाओं और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा। वहीं, शोध एवं समीक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट अकादमिक योगदान के लिए लखनऊ के प्रो. सुरेंद्र विक्रम और ओडिशा के दिनेश कुमार माली को सलिला शिखर सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।

जयपुर की स्पंदन संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीलिमा टिक्कू को संपादक श्री सम्मान के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने देशभर की 50 से अधिक महिला साहित्यकारों पर केंद्रित विशेषांकों का संपादन एवं प्रकाशन कर साहित्यिक जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके इस कार्य को महिला साहित्यकारों के सृजनात्मक अवदान के दस्तावेजीकरण और उनकी साहित्यिक पहचान को व्यापक बनाने की दिशा में उल्लेखनीय माना गया है।

सलिला संस्था ने इस वर्ष अपने अलंकरणों की शृंखला में एक नई अकादमिक पहल करते हुए सलिला बाल साहित्य चिंतक श्री सम्मान की शुरुआत की है। आगामी 12-13 दिसंबर 2026 को उदयपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला बाल साहित्यकार सम्मेलन का केंद्रीय विषय 'बाल साहित्य पर शोध और समीक्षा के सोपान' निर्धारित किया गया है। इसी वैचारिक पहल के तहत नए सम्मान की शुरुआत की गई है।

संस्था का मानना है कि बाल साहित्य की समृद्धि का आकलन केवल उसकी सृजनात्मक उपलब्धियों के आधार पर नहीं किया जा सकता, बल्कि उसके गंभीर अध्ययन, अनुसंधान, आलोचनात्मक विवेचन और मूल्यांकन को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है।

सलिला संस्था की ओर से पिछले सोलह वर्षों में आयोजित राष्ट्रीय बाल साहित्यकार सम्मेलनों में प्रस्तुत पत्रवाचन, शोध आलेखों, वार्ताओं और बीज वक्तव्यों के माध्यम से बाल साहित्य के चिंतन एवं समीक्षा की परंपरा को समृद्ध करने वाले विशेषज्ञों को इस प्रथम चिंतक श्री सम्मान के लिए चुना गया है। सम्मानित होने वालों में गाजियाबाद के रजनीकांत शुक्ल, किशनगढ़ के डॉ. सतीश कुमार, दिल्ली की सुमन बाजपेयी, मुंबई की डॉ. रश्मि वार्ष्णेय, दिल्ली की डॉ. पूनम अग्रवाल, हल्द्वानी की डॉ. प्रभा पंत, भोपाल की डॉ. लता अग्रवाल 'तुजला', उदयपुर के प्रकाश तातेड़, सिरसा की डॉ. शील कौशिक और अहमदाबाद की कुमुद वर्मा शामिल हैं।

घोषित सभी अलंकरण आगामी 12-13 दिसंबर 2026 को उदयपुर, राजस्थान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला बाल साहित्यकार सम्मेलन के समारोह में प्रदान किए जाएंगे। सम्मेलन के दौरान नवीन पुस्तकों के लोकार्पण, पुस्तक समीक्षाओं, बाल साहित्य विषयक शोधपत्रों के वाचन और विषय विशेषज्ञों के अकादमिक व्याख्यानों पर केंद्रित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें देश के सात राज्यों तथा राजस्थान के दस जिलों से बाल साहित्यकार और साहित्य चिंतक सहभागिता करेंगे।

सम्मेलन के अवसर पर तीन महत्वपूर्ण साहित्यिक प्रकाशनों का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इनमें सलिला संस्था की पुस्तक 'समकालीन बाल साहित्य चिंतन', दिनेश कुमार माली द्वारा लिखित 'विमला भंडारी की रचनाधर्मिता एवं 'साहित्य समर्था' पत्रिका का डॉ. विमला भंडारी केंद्रित विशेषांक शामिल हैं। इन प्रकाशनों में बाल साहित्य के समकालीन स्वरूप, रचनात्मक उपलब्धियों, आलोचनात्मक दृष्टि और साहित्यकारों के योगदान के अध्ययन एवं मूल्यांकन से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री प्रस्तुत की जाएगी।

डॉ. विमला भंडारी के अनुसार, सलिला संस्था की यह पहल बाल साहित्य को केवल रचनात्मक अभिव्यक्ति तक सीमित न रखकर एक गंभीर अध्ययन-अनुशासन के रूप में विकसित करने का सार्थक प्रयास है। संस्था लगातार यह प्रयास करती रही है कि बाल साहित्य के सृजनकर्ताओं के साथ-साथ उसके शोधकर्ताओं, समीक्षकों, संपादकों और चिंतकों के योगदान को भी उचित साहित्यिक मान्यता मिले। वर्ष 2026 के ये अलंकरण इसी व्यापक साहित्यिक दृष्टि और वैचारिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।

Tags: