सलूंबर पंचायत चुनाव 2026: संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
सलूंबर पंचायत समिति की 31 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के दौरान संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने बरोड़ा, गुड़ और क्रिटिकल मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जानिए मतदान व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को क्या निर्देश दिए गए।
सलूंबर में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतदान केंद्र का जायजा लेते संभागीय आयुक्त खजान सिंह।
सलूंबर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया के बीच उदयपुर संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सलूंबर पंचायत समिति क्षेत्र की 31 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने ग्राम पंचायत बरोड़ा, गुड़ और क्रिटिकल मतदान केंद्र संख्या 8 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनिया के कमरा नंबर 1 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों की कार्यप्रणाली, मतदाताओं के लिए कतार प्रबंधन और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सके।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सलूंबर जगदीश चंद्र बामनिया तथा निर्वाचन शाखा से विजेंद्र सिंह गहलोत उपस्थित रहे।