सलूम्बर में सरणी नदी के तट पर व्रतियों और परिवारजनों ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।

सलूम्बर। लोकआस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को सलूम्बर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सरणी नदी के तट पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सूर्योपासना के इस विशेष अनुष्ठान के दौरान नदी तट छठी मैया के पारंपरिक गीतों और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा।

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। मूलतः बिहार निवासी एवं वर्तमान में ईसरवास में रह रहे रामप्रवेश सिंह ने बताया कि नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने कद्दू-भात सहित सात्विक भोजन ग्रहण कर पर्व का शुभारंभ किया। इसके बाद शनिवार को खरना की पूजा की गई। इस अवसर पर प्रसाद तैयार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने निर्जला एवं निराहार व्रत शुरू किया।

महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम को व्रती पारंपरिक वेशभूषा और पूजा सामग्री से सजे सूप लेकर सरणी नदी के तट पर पहुंचे। यहां जल में खड़े होकर उन्होंने सूर्यदेव को जल, दूध एवं विभिन्न प्रकार के फलों से अर्घ्य अर्पित किया। परिवारजनों ने भी पूजा-अर्चना में भागीदारी निभाई और छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

चार दिवसीय छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान सोमवार सुबह होगा। इस दौरान व्रती उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही निर्जला एवं निराहार व्रत का पारण होगा और छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

Tags: