विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में राजसमंद के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
राजसमंद के आमेट में युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के जरिए राष्ट्रीय मंच मिलेगा, जहां वे विचार और नेतृत्व क्षमता दिखा सकेंगे।
तस्वीर में एक बड़े हॉल में बड़ी संख्या में छात्र बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
आमेट, राजसमंद में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत द्वारा “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग” का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से राजसमंद जिले के युवाओं को अपने विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के साथ ही विकसित भारत से जुड़े अपने दृष्टिकोण को साझा करने का अवसर मिलेगा।
“विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग” का उद्देश्य युवाओं को केवल सहभागी के रूप में नहीं, बल्कि नीति निर्माण, नवाचार और विकास प्रक्रिया के सक्रिय भागीदार के रूप में आगे लाना है। इसके तहत शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर युवाओं के सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
राजसमंद जिले की आमेट तहसील में इस अभियान को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इच्छुक युवा “मेरा युवा भारत” (MY Bharat) पोर्टल पर आयोजित क्विज में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। क्विज में सहभागिता के बाद चयनित युवाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
आमेट तहसील माय भारत वॉलिंटियर निरंजन जीनगर ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महाविद्यालय, प्रौद्योगिकी संस्थान एवं VBYLD के पंजीकरण और जानकारी उपलब्ध करवाई। इस दौरान युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल के जरिए आमेट तहसील के युवाओं को अपने विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है, जिससे वे विकसित भारत की दिशा में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकेंगे।