तस्वीर में रात के समय शटर बंद शराब दुकान के बाहर दो व्यक्ति खड़े दिखाई दे रहे हैं।   

राजसमंद जिले में शराब दुकानों के संचालन और निर्धारित समय सीमा के पालन को लेकर एक वायरल वीडियो ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रात 8 बजे बाद शराब की दुकान की छोटी सी खिड़की से शराब बिक्री किए जाने का दावा किया जा रहा है।

वायरल वीडियो गुंजोल-बनास पुलिया के पास संचालित शराब की दुकान का बताया जा रहा है। दुकान के बाहर लगे बोर्ड पर “RJ 30 वाइन शॉप” लिखा हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में दुकान का शटर बंद दिखाई देता है, लेकिन एक छोटी सी खिड़की के माध्यम से सड़क की तरफ शराब दिए जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि निर्धारित समय के बाद भी इस तरह शराब की बिक्री हो रही है तो यह संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर हाइवे के आसपास शराब की बिक्री को लेकर नियमों और सुरक्षा व्यवस्था की भी चर्चा होती रही है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना किस तारीख और कितने बजे की है और क्या संबंधित शराब दुकान को निर्धारित समय के बाद बिक्री की अनुमति थी। यदि अनुमति नहीं थी तो क्या आबकारी विभाग ने दुकान के खिलाफ कोई कार्रवाई की?

वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मांग है कि आबकारी विभाग पूरे मामले की जांच करे और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित शराब ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे और दुकान के संचालन को लेकर उठे सवालों के बीच अब जांच से ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Tags: