तस्वीर में गांधी पब्लिक स्कूल आगरिया के बैनर के सामने विद्यार्थी यूनिफॉर्म में खड़े हैं।

आमेट। गांधी पब्लिक स्कूल, आगरिया में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता संबंधी विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके संदेशों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें सभी ने सराहा।

जयंती के अवसर पर विद्यालय में स्वच्छता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में सूरज सिंह ने प्रथम, भाविका कंवर ने द्वितीय तथा मानवी सुथार एवं लक्की सुथार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया और स्वच्छता के प्रति अपनी भागीदारी निभाई। इस दौरान बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेश सालवी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से देश के सामने आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में कांता गर्ग, रक्षा कंवर, गायत्री कुमावत, लक्ष्मी गुर्जर, लक्ष्मी रावणा, आरती सुथार एवं ललित वैष्णव सहित विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक किया गया।

Tags: