राजसमंद: युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाला आरोपी डिटेन
भीम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए कूकड़ा निवासी बलवंत सिंह को पकड़ा, निजता उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई जारी।
तस्वीर में राजसमंद पुलिस टीम के साथ जमीन पर बैठा डिटेन किया गया आरोपी दिख रहा है।
राजसमंद। सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो बनाकर साझा करना एक युवक को भारी पड़ गया। महिलाओं एवं बालिकाओं की निजता और सुरक्षा को लेकर राजसमंद पुलिस की लगातार निगरानी के बीच भीम थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को डिटेन किया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार मॉनिटरिंग के दौरान एक युवक द्वारा युवती का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में भीम थाना पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई शुरू की।
थानाधिकारी दिलीप चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी एवं उपलब्ध अन्य जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलवंत सिंह पुत्र श्री जीतम सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी कूकड़ा, थाना भीम को डिटेन किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि संबंधित मामले में वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर साझा करने तथा तथ्यों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
राजसमंद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर बालिकाओं एवं महिलाओं की निजता का सम्मान करें। बिना अनुमति किसी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा न करें। आपत्तिजनक अथवा निजता का उल्लंघन करने वाली सामग्री दिखाई देने पर उसे वायरल करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें।
राजसमंद पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग लगातार जारी है तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की निजता एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।