राजसमंद: परिवहन अधिकारी की कुर्सी पर बैठे युवक की फोटो वायरल
सरकारी कार्यालय में बाहरी व्यक्ति की फोटो सामने आने के बाद परिसर की सुरक्षा और गोपनीय दस्तावेजों की गोपनीयता पर उठे गंभीर सवाल।
तस्वीर में एक युवक परिवहन विभाग कार्यालय में अधिकारी की कुर्सी पर बैठा दिख रहा है।
राजसमंद। परिवहन विभाग कार्यालय से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल तस्वीर में एक व्यक्ति परिवहन विभाग के मुख्य अधिकारी की कुर्सी बताई जा रही कुर्सी पर बैठा हुआ नजर आ रहा है। तस्वीर के साथ दावा किया जा रहा है कि यह फोटो परिवहन विभाग कार्यालय की है। हालांकि, हम संबंधित फोटो की पुष्टि नहीं करते हैं।
तस्वीर सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर विभाग के मुख्य अधिकारी के कक्ष में किसी बाहरी व्यक्ति को अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर फोटो खिंचवाने की अनुमति कैसे मिली। यदि कार्यालय में आम लोगों और बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही रहती है, तो संवेदनशील सरकारी दस्तावेजों और कार्यालय की गोपनीय सामग्री की सुरक्षा किस तरह सुनिश्चित की जाती है, यह भी सवालों के घेरे में है।
मामले को लेकर जब संबंधित अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने जबरन फोटो नहीं खिंचवाई और कोई भी व्यक्ति आकर बैठकर फोटो खींच चला गया होगा, ऐसे में वह क्या कर सकते हैं। अधिकारी के इस जवाब के बाद कार्यालय की व्यवस्था को लेकर सवाल और गंभीर हो गए हैं।
परिवहन विभाग पहले भी अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं में रहा है। ऐसे में अब सामने आई यह तस्वीर विभाग के अंदर अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था और बाहरी लोगों की कार्यालय में पहुंच को लेकर नए सवाल खड़े करती है।
सवाल यह भी है कि यदि अधिकारी की कुर्सी तक किसी बाहरी व्यक्ति की इतनी आसानी से पहुंच हो सकती है, तो कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य सरकारी सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के उच्च अधिकारी वायरल तस्वीर का संज्ञान लेते हैं या नहीं और कार्यालय में बाहरी लोगों की आवाजाही तथा संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था लागू की जाती है या नहीं।