आमेट: घोसुण्डी स्कूल में शैक्षिक महासंघ अध्यक्ष मुकेश वैष्णव का स्वागत
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घोसुण्डी में शिक्षकों ने खंड अध्यक्ष मुकेश चन्द्र वैष्णव का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर पारंपरिक अंदाज में अभिनंदन किया।
आमेट के घोसुण्डी स्कूल में शिक्षकों ने नवनियुक्त अध्यक्ष मुकेश वैष्णव का अभिनंदन किया।
आमेट। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घोसुण्डी में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खंड आमेट के नवनियुक्त अध्यक्ष मुकेश चन्द्र वैष्णव का विद्यालय के शिक्षकों ने पारंपरिक मेवाड़ी अंदाज में अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें तिलक लगाकर, इकलाई ओढ़ाकर और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
महासंघ के उपाध्यक्ष अशोक कुमार खटीक ने बताया कि इस अवसर पर खंड अध्यक्ष मुकेश चन्द्र वैष्णव ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा की ओर से आयोजित किए जा रहे 'हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ', 'प्रभावी प्रार्थना सभा कार्यक्रम' एवं 'पर्यावरण संरक्षण' विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुकेश चन्द्र वैष्णव ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है और विद्यालय परिसर शिक्षक के लिए तीर्थस्थल के समान है। विद्यालय में शिक्षक अपने विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्र के प्रति अटूट प्रेम और देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ उसे निरंतर पोषित करता है।
इस अवसर पर विद्यालय की उप प्राचार्य तबसुम बोहरा ने कहा कि प्रधानाचार्य अविनाश जोशी के मार्गदर्शन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घोसुण्डी में सघन वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अत्यंत प्रेरक कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापिका संतोष रेगर, विकास शर्मा, यज्ञदत्त सौदा, हेमंत शर्मा, अशोक कुमार खटीक, नरेंद्र सिंह राव, रवि कुमार श्रोत्रिय और संगीता बैरवा सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। शिक्षकों की ओर से किया गया यह अभिनंदन शैक्षिक दायित्वों, राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति महासंघ की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।