उदयपुर से जयपुर और दिल्ली तक आमेट होकर संचालित होने वाली राजस्थान पथ परिवहन निगम की द्रुतगामी बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इस बस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र में बढ़ती यात्री असुविधा को देखते हुए समाजसेवी सत्यदेव शर्मा ने बंद पड़ी बस सेवा को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई है।

पूर्व में यह बस सेवा उदयपुर से रवाना होकर नाथद्वारा, कांकरोली, सरदारगढ़, आमेट, ब्यावर, अजमेर और जयपुर होते हुए दिल्ली तक संचालित होती थी। इससे क्षेत्र के आमजन को व्यापक परिवहन सुविधा मिलती थी। पर्याप्त यात्री भार होने के बावजूद करीब चार वर्ष पूर्व आमेट-देवगढ़ मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण इस सेवा को बंद कर दिया गया था।

अब सड़क निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मार्ग भी सुगम हो गया है। इसके बावजूद राजस्थान पथ परिवहन निगम की ओर से इस बस सेवा को दोबारा शुरू नहीं किया गया है। इसके चलते आमेट सहित मार्ग से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों को लगातार आवागमन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

समाजसेवी सत्यदेव शर्मा ने मांग की है कि सड़क मार्ग दुरुस्त होने के बाद बस सेवा को फिर से शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को पहले की तरह परिवहन सुविधा मिल सके। उदयपुर से जयपुर और दिल्ली तक सीधी बस सेवा बहाल होने से इस मार्ग पर निर्भर यात्रियों को लाभ मिल सकता है।

अजमेर तक बस चलाने का सुझाव

यदि तकनीकी कारणों से दिल्ली तक बस संचालन शुरू करने में विलंब हो रहा है, तो फिलहाल अजमेर तक सीधी बस सेवा तत्काल शुरू की जानी चाहिए। सत्यदेव शर्मा के अनुसार, क्षेत्र के लोगों को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और राजस्व मंडल से जुड़े कार्यों के लिए नियमित रूप से अजमेर जाना पड़ता है। ऐसे में सीधी बस सेवा उपलब्ध होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।

इसके अलावा पुष्कर, अजमेर शरीफ और खाटूश्याम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में इसी मार्ग पर निर्भर हैं। ऐसे में उदयपुर-जयपुर मार्ग पर आमेट होकर संचालित होने वाली रोडवेज बस सेवा की बहाली क्षेत्र के यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण है। अब सड़क निर्माण पूरा होने के बाद बंद बस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग तेज हो गई है।

Tags: