आमेट तहसील के चंद्रभागा नदी तट पर स्थित खेत के कुएं का दृश्य, जहां से अज्ञात चोरों द्वारा पानी की मोटर और केबल चोरी कर ली गई है।

आमेट तहसील क्षेत्र में पानी की मोटरें चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चंद्रभागा नदी तट पर स्थित दो किसानों के खेतों के कुओं से अज्ञात चोर रात के अंधेरे में पानी की मोटरें और केबल चोरी कर ले गए। एक ही रात में दो खेतों को निशाना बनाए जाने से किसानों में आक्रोश है। वहीं, बजरंगदास के कुएं से छह माह में दूसरी बार मोटर चोरी होने की घटना सामने आई है।

भेरूलाल कुमावत ने बताया कि आसन क्षेत्र में चंद्रभागा नदी तट पर उनके पिता परसराम कुमावत का खेत है। रात के समय अज्ञात चोर खेत के कुएं पर लगी पानी की मोटर चोरी कर ले गए। सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो कुएं पर लगी मोटर और केबल गायब मिली। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।

इसी क्षेत्र में पास ही स्थित बजरंगदास के खेत के कुएं को भी चोरों ने निशाना बनाया। सुबह महिलाएं खेत में पिलाई करने के लिए पहुंचीं और मोटर चालू करने का प्रयास किया तो पता चला कि मोटर कुएं में मौजूद नहीं थी। जांच करने पर मोटर चोरी होने की जानकारी सामने आई।

बताया गया कि बजरंगदास के कुएं से छह माह के भीतर दूसरी बार पानी की मोटर चोरी हुई है। इससे पहले हुई चोरी की वारदात का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। इसके बावजूद चोरों ने दोबारा उसी कुएं को निशाना बनाया। दोनों घटनाओं में चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरें चोरी कर फरार हो गए।

आमेट क्षेत्र में लगातार पानी की मोटरें चोरी होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में सिंचाई के लिए उपयोग होने वाली मोटरों की चोरी से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। क्षेत्र में लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच पहले हुई चोरी का खुलासा नहीं होना भी किसानों की नाराजगी का कारण बना हुआ है।

Tags: