आमेट नगरपालिका चुनाव में 76.16% मतदान, 25 वार्डों में 57 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद
आमेट नगरपालिका के 25 वार्डों में 76.16 प्रतिशत मतदान हुआ। 57 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद, अब मतगणना का इंतजार।
तस्वीर में विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ आमेट में कार्यकर्ताओं के साथ बैठे हैं।
आमेट नगरपालिका मंडल के 25 वार्डों में बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान सम्पन्न हुआ। मतदान के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे 57 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया, जिसका फैसला अब मतगणना के दिन ही होगा।
नगरपालिका चुनाव के लिए नगर के नगरपालिका कार्यालय, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पंचायत समिति कार्यालय, मित्र मंडल स्कूल जवाहर नगर, सेठ तख्तमल कच्छारा स्कूल अमरिया का नाड़ा, चतरपुरा स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 25 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव में कांग्रेस के 25, भाजपा के 25 तथा अन्य दलों और निर्दलीय के 7 प्रत्याशी मैदान में थे। इस तरह कुल 57 प्रत्याशियों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई।
मतदान को लेकर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में सुबह से ही उत्सुकता रही। भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने वार्डों में घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को वाहनों से मतदान केंद्रों तक लाने में जुटे रहे। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो शाम तक जारी रहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे तक करीब 29 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 1 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 55.30, दोपहर 3 बजे तक 66.15, शाम 5 बजे तक 74.39 और शाम 6 बजे तक 76.16 प्रतिशत पहुंच गया।
मतदान के दौरान भाजपा की ओर से विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ और पूर्व प्रधान हजारीलाल गुर्जर ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कैलाश मेवाड़ा, प्रदेश कांग्रेस सचिव दिलीप सिंह राव और पूर्व उप चेयरमैन हाजी मीरू खांन मंसुरी सहित दोनों दलों के नेताओं ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनावी गतिविधियों का जायजा लिया।
नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों से चुनावी फीडबैक लिया तथा मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाकर अधिकाधिक मतदान कराने की अपील की।
वहीं, भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ और कांग्रेस के निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष कैलाश मेवाड़ा समेत दोनों दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी और प्रत्याशियों के पूर्ण बहुमत के साथ जीतने का दावा किया। नेताओं ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए नगर के मतदाताओं और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस शांतिपूर्ण मतदान के साथ आमेट नगरपालिका के 25 वार्डों में चुनावी मुकाबला अब मतगणना तक पहुंच गया है। 57 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतगणना के दिन मतपेटियों से सामने आएगा।