तस्वीर में आमेट राजकीय महाविद्यालय के कमरे में खड़े चिकित्सा दल के सदस्य और प्राचार्य नजर आ रहे हैं।

आमेट स्थित राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संवर्धन और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने 150 से अधिक छात्र-छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य चिकित्सा जांच के साथ रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। आवश्यकता के अनुसार विद्यार्थियों को दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य रामकेश मीणा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार ग्रहण करने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता तथा समृद्ध जीवन की आधारशिला हैं।

शिविर में डॉ. आशीष गवारिया (चिकित्सा अधिकारी), बहाउल मुस्तफा शेख (वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी), सीताराम जाट (नर्सिंग अधिकारी), सोनू भोई (लैब टेक्नीशियन), शानू रेगर (ए.एन.एम.), मीनाक्षी (आर.बी.एस.के. टीम) तथा नवल (फार्मासिस्ट) की उपस्थिति रही। सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार ने चिकित्सा दल का आभार व्यक्त किया। प्राचार्य रामकेश मीणा ने ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Tags: