तस्वीर में आक्या के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति झंडा फहराते हुए नजर आ रहे हैं।

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आक्या में शुक्रवार को दो दिवसीय संकुल स्तरीय प्राथमिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गिरिजा शंकर मिश्रा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसएमसी अध्यक्ष जेता राम गुर्जर, एसीबीईओ किशन लाल गुर्जर, साक्षरता समन्वयक राजेंद्र सिंह चुंडावत, सज्जन सिंह, गंगा सिंह तथा बबरी सिंह उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर, साफा एवं उपराणा पहनाकर स्वागत किया।

केंद्राध्यक्ष गोकुल राम बुनकर ने बताया कि दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में संकुल लिकी के अंतर्गत आने वाले पीईईओ लिकी, जिलोला, साकरड़ा, राछेटी तथा यूसीईईओ आमेट क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान खेल स्पर्धाओं में खो-खो, कबड्डी और जिम्नास्टिक का आयोजन किया गया। इसके साथ ही साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत निबंध, वाद-विवाद, एकल लोक नृत्य, समूह लोक नृत्य, सुगम संगीत तथा एकाभिनय प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का संचालन गेहरी लाल रेगर ने किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

Tags: