तस्वीर में बाएं से दाएं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रवण डी. जोशी और राष्ट्रीय महामंत्री गणेश पालीवाल नजर आ रहे हैं।

इंदौर। अखिल भारतीय पालीवाल ब्राह्मण समाज चौबीस श्रेणी सांस्कृतिक एवं प्रगतिशील मंच ने समाज को राष्ट्रीय स्तर पर संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ श्रवण डी. जोशी को मंच का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पिपरड़ा निवासी गणेश पालीवाल को राष्ट्रीय महामंत्री मनोनीत किया है। यह निर्णय मंच के राष्ट्रीय संयोजक गिरीश पालीवाल (विद्रोही), नाथद्वारा तथा राष्ट्रीय सह संयोजक हरगोविंद पालीवाल (कांकरोली) द्वारा विशेष कार्यसमिति से विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से लिया गया।

राष्ट्रीय संयोजक गिरीश पालीवाल (विद्रोही) ने बताया कि मंच का उद्देश्य देशभर में पालीवाल ब्राह्मण समाज चौबीस श्रेणी को एक मजबूत एवं सक्रिय राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए शीघ्र ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा तथा विभिन्न राज्यों में संगठन की इकाइयों का गठन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आगामी समय में प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, युवा प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों का भव्य राष्ट्रीय स्नेह सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देशभर से समाजबंधुओं की सहभागिता रहेगी।

राष्ट्रीय सह संयोजक हरगोविंद पालीवाल ने कहा कि संगठन शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक समरसता, युवा नेतृत्व और समाजोत्थान के क्षेत्रों में प्रभावी कार्य करेगा। मंच समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने तथा समाज को एकजुट करने के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा।

नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रवण डी. जोशी ने राष्ट्रीय संयोजक के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास और स्नेह के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह पद सम्मान से अधिक समाज सेवा की जिम्मेदारी है। वे स्वयं को समाज का एक सामान्य सेवक मानते हुए सभी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन, युवाओं के सहयोग एवं समाजबंधुओं के विश्वास के साथ संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार, सेवा और संगठन की भावना को सर्वोपरि रखते हुए सभी को साथ लेकर विनम्रता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।

इस नियुक्ति के साथ मंच ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के विस्तार, समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने तथा शिक्षा, संस्कृति और समाजोत्थान के क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपनी आगामी कार्ययोजना भी स्पष्ट कर दी है।

Tags: