बाण्डा स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग तेज, ग्रामीणों ने बीईओ को सौंपा ज्ञापन
आमेट के समीपवर्ती ग्राम बाण्डा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों और प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। विद्यालय में केवल छह तृतीय श्रेणी अध्यापक होने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
आमेट। समीपवर्ती ग्राम बाण्डा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर समाजसेवी गाईड सिंह राठौड़ ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, आमेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विद्यालय में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की गई है।
समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता गाईड सिंह राठौड़ ने नारायण सिंह, प्रेम सिंह, रतन सिंह, भोपाल सिंह, गणपत सिंह, मीरा कंवर, जशोदा कंवर, नरपत सिंह, भगवत सिंह, बहादुर सिंह, राजुलाल, लक्ष्मी कंवर, संतोष कुंवर सहित ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाण्डा में कक्षा एक से बारह तक की कक्षाएं संचालित हैं, जिनमें करीब 150 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों एवं कक्षाओं की तुलना में विद्यालय में केवल छह तृतीय श्रेणी अध्यापक ही सेवारत हैं, जो अपर्याप्त हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि उच्च माध्यमिक विद्यालय होने के बावजूद यहां एक भी व्याख्याता नियुक्त नहीं है। वहीं विद्यालय में करीब 11 माह से प्रधानाध्यापक का पद भी रिक्त चल रहा है। कार्मिकों की कमी के कारण विद्यालय में शिक्षण कार्य के साथ-साथ अन्य आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि स्थानीय विद्यालय में तत्काल किसी अन्य विद्यालय से अध्यापकों की नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और विद्यालय का शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।