अखिल भारतीय बैरवा महासभा राजसमंद जिला चुनाव कार्यक्रम घोषित, 8 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू

अखिल भारतीय बैरवा महासभा ने राजसमंद जिला कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 8 अगस्त 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 16 अगस्त को मतदान और 17 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव शुल्क और पात्रता से जुड़े सभी महत्वपूर्ण नियम भी जारी किए गए हैं।

Update: 2026-08-04 11:07 GMT

अखिल भारतीय बैरवा महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी ने राजसमंद जिले की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। संभाग चुनाव प्रभारी डॉ. श्यामलाल बैरवा ने बताया कि जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री पद के लिए चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री पद के लिए नामांकन पत्रों का वितरण एवं जमा करने की प्रक्रिया 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 9 अगस्त 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी, पात्र उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन तथा चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

डॉ. श्यामलाल बैरवा के अनुसार चुनाव के लिए मतदान 16 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि 17 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। जिला अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुल्क 8,000 रुपये तथा जिला महामंत्री पद के लिए 6,000 रुपये तय किया गया है। नामांकन पत्र शुल्क एवं नामांकन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल महासभा के आजीवन सदस्य तथा 1,100 रुपये की रसीद कटवाने वाले मतदाता ही नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में शामिल अन्य मतदाता भी 1,100 रुपये की सदस्यता रसीद कटवाकर नामांकन करने के पात्र होंगे। घोषित चुनाव कार्यक्रम के साथ अब राजसमंद जिले में महासभा की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार आगे बढ़ेगी।

Tags:    

Similar News