ब्यावर नगर परिषद चुनाव: 60 वार्डों के लिए मतदान आज, 138 केंद्र बनाए गए
1.47 लाख मतदाता 239 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे; सुरक्षा के लिए 54 संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।
तस्वीर में ब्यावर स्थित नेहरू भवन इमारत और परिसर में लगी सफेद प्रतिमा दिख रही है।
ब्यावर(प्रातःकाल संवाददाता)। राज्य निर्वाचन आयोग राज., जयपुर द्वारा आयोज्य राज. नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में नगर परिषद के 60 वार्डों के पार्षद पद के लिए बुधवार को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी(नपा) कलक्टर कार्यालय की ओर से मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी(नपा) कमलराम मीना ने बताया कि बुधवार सवेरे 7 बजे से सायं 6 बजे तक 138 मतदान केन्द्रों पर मतदान संपन्न होगा। चुनाव में 73688 पुरुष मतदाता, 73434 महिला मतदाता व 5 किन्नर मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदाता पहचान पत्र के अलावा मतदान के लिए 11 वैकल्पिक दस्तावेजों के प्रयोग की स्वीकृति दी है।
निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी व शांतिपूर्ण मतदान के लिए 15 आंचलिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 3 एरिया मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। दो आंचलिक मजिस्ट्रेट को रिजर्व रखा गया है, जबकि 42 मतदान दलों को भी संचित रखा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी(नपा) ने बताया कि मंगलवार व बुधवार को निर्वाचन क्षेत्र में सूखा दिवस घोषित किया गया है। मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। 14 अति संवेदनशील और 40 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून व शांति व्यवस्था के लिए निर्वाचन क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक असलम शेर खान, आरएएस ने सोमवार को ब्यावर पहुंचकर निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चुनावी महासंग्राम में भाजपा, कांग्रेस, आप, बसपा, आरएलपी व निर्दलीय समेत कुल 239 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।
मतदान को लेकर जिला पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। 60 वार्डों के पार्षद पद के लिए होने वाला यह मतदान 138 मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जहां 1,47,127 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।