राजकीय महाविद्यालय राजाखेड़ा में हॉल में बैठे विद्यार्थियों को संबोधित करते वक्ता की तस्वीर।

राजाखेड़ा। कॉलेज विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, रोजगारपरक कौशल और व्यक्तित्व विकास से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार, 08 सितंबर 2026 को एक दिवसीय स्किल डेवलपमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया। राजकीय महाविद्यालय राजाखेड़ा के फाइनल ईयर/सेमेस्टर विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की उपयोगिता, कार्यस्थल पर व्यवहार, समय प्रबंधन, टीम वर्क, संचार कौशल और नेतृत्व क्षमता के बारे में जानकारी दी गई। हुनर शक्ति फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्था का परिचय देते हुए उसके कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार प्राप्त करने और बेहतर करियर बनाने के लिए व्यावहारिक कौशल का विकास भी आवश्यक है।

कार्यशाला में NEP-2020 के अनुरूप शिक्षा के साथ कौशल और अनुभव प्राप्त करने के महत्व को समझाया गया। संस्था सचिव नीरज झा ने बताया कि विद्यार्थी इंटर्नशिप के माध्यम से वास्तविक कार्य वातावरण को समझ सकते हैं तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान हुनरमंद कोर्सेस के तहत सिलाई, ब्यूटीसियन, रिटेल, बैंकिंग, फाइनेंस, एग्रिकल्चर, जैविक फार्मिंग, कंप्यूटर कोर्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंग्लिश स्पीकिंग जैसे क्षेत्रों की जानकारी दी गई।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों को डिजिटल स्किल, कंप्यूटर ज्ञान, डेटा प्रबंधन, संचार कौशल, टीमवर्क, समस्या समाधान और प्रोफेशनल व्यवहार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही इंटर्नशिप के दौरान रिकॉर्ड संधारण, कार्य रिपोर्ट तैयार करने और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना है।

कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रही। इसमें प्राप्त मार्गदर्शन उनके आगामी इंटर्नशिप और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ अनुज कुमार, अस्सिटेंट प्रोफेसर पीयूष जांगिड़, असिस्टेंट प्रोफेसर दीपक सिसोदिया, असिस्टेंट प्रोफेसर अभिषेक गुर्जर, कंप्यूटर ऑपरेटर बादाम सिंह एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Tags: