प्रतापगढ़ में 'रफ्तार गैंग' पर सालमगढ़ पुलिस का शिकंजा, 4 युवक डिटेन, 5 बाइक जब्त
प्रतापगढ़ के सालमगढ़ में सोशल मीडिया पर 'रफ्तार गैंग' बनाकर तेज रफ्तार बाइक स्टंट करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। 4 युवकों को डिटेन कर 5 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। पुलिस ने युवाओं को चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी की बात कही।
तस्वीर में प्रतापगढ़ के सालमगढ़ थाने के बाहर पुलिस द्वारा जब्त की गई पांच मोटरसाइकिलें कतार में खड़ी नजर आ रही हैं।
प्रतापगढ़ जिले के सालमगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया पर 'रफ्तार गैंग' के नाम से ग्रुप बनाकर तेज रफ्तार में बाइक चलाने, स्टंट करने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सालमगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को डिटेन किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिलें जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग एवं पुलिस उपाधीक्षक अरनोद चन्द्रशेखर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार कुछ युवक सोशल मीडिया पर अलग-अलग नामों से ग्रुप बनाकर तेज रफ्तार में बाइक चलाने, स्टंट करने तथा अन्य युवाओं को इसके लिए प्रेरित कर रहे थे। इन गतिविधियों के कारण आमजन में भय का माहौल भी बन रहा था। पुलिस टीम लगातार ऐसे सोशल मीडिया ग्रुपों और उनसे जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी।
इसी क्रम में 'रफ्तार गैंग' नाम से संचालित ग्रुप से जुड़े 4 युवकों को डिटेन किया गया। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिलें जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई।
प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी नाम से ऐसे ग्रुप बनाकर भय का वातावरण पैदा न करें। रील्स या वीडियो बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट न करें और हथियारों के साथ फोटो या वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना पुलिस अधीक्षक की हेल्पलाइन 8764535201 या प्रतापगढ़ पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @PratapgarhPolice_Rajasthan पर दी जा सकती है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्त नजर बनाए रखने का संदेश दिया है।