प्रतापगढ़ के जीरावता स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी पर ग्रामीणों का आक्रोश, 10 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

प्रतापगढ़ के जीरावता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी से ग्रामीण नाराज हैं। 10 दिन में नियुक्तियां नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

Update: 2026-07-29 08:57 GMT

तस्वीर में ग्राम पंचायत जीरावता के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि कार्यालय में टेबल के पास खड़े होकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दिख रहे हैं।

प्रतापगढ़ जिले के दलोट ब्लॉक स्थित जीरावता ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामवासी धरना-प्रदर्शन करेंगे।

प्रशासक भेरूलाल मीणा ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक करीब 310 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय को वर्ष 2021-22 में उच्च प्राथमिक से माध्यमिक तथा वर्ष 2022-23 में उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया गया था। इसके बावजूद वर्तमान में विद्यालय में केवल 5 कार्मिक ही कार्यरत हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक और व्याख्याता के सभी पद रिक्त हैं, जबकि वर्तमान में कार्यरत सभी शिक्षक तृतीय श्रेणी के हैं। कला संकाय में हिंदी साहित्य, संस्कृत साहित्य और इतिहास विषयों के शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से विद्यालय में तत्काल आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि 10 दिनों के भीतर नियुक्तियां नहीं हुईं तो ग्रामवासी आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर ग्राम पंचायत जीरावता के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर जिला कलेक्टर को सौंपा।

Tags:    

Similar News