अरनोद थाने पहुंचे विद्यार्थियों को पुलिस ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की दी अहम जानकारी

प्रतापगढ़ के अरनोद थाने में विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया, जहां पुलिस ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी।

Update: 2026-07-25 08:43 GMT

अरनोद थाना परिसर के मुख्य द्वार के बाहर पुलिस अधिकारियों और शिक्षकों के साथ सामूहिक तस्वीर में खड़े स्कूली विद्यार्थी।

प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना परिसर में शनिवार को एक निजी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग के निर्देशन में थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था और थाने की विभिन्न शाखाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनसे बचाव के उपाय तथा कानून द्वारा उपलब्ध सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश भी दिया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

Tags:    

Similar News