अरनोद पुलिस का सोशल मीडिया ग्रुप 'दादू-420' पर शिकंजा, 6 हाई-पावर बाइक जब्त
प्रतापगढ़ के अरनोद में पुलिस ने 'दादू-420' सोशल मीडिया ग्रुप के खिलाफ कार्रवाई कर 6 हाई-पावर बाइक जब्त की हैं।
तस्वीर में अरनोद थाना प्रतापगढ़ के बाहर पुलिस द्वारा जब्त की गई छह हाई-पावर मोटरसाइकिलें कतार में खड़ी नजर आ रही हैं।
प्रतापगढ़ जिले में सोशल मीडिया के जरिए ग्रुप बनाकर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार बाइक चलाकर आमजन में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अरनोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 हाई-पावर मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सिहाग और वृत्ताधिकारी अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के निर्देशन में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर हुड़दंग मचाने, जानलेवा स्टंट करने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को भ्रमित करने वाले बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अरनोद कस्बे के ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि 'दादू-420' नामक सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य गौतमेश्वर महादेव पर्यटन स्थल पर हाई-पावर बाइक लेकर एकत्रित होते हैं। इसके बाद ये लोग समूह में तेज रफ्तार और तेज आवाज के साथ सड़कों पर निकलते हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण बन रहा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अभियान चलाकर तेज गति से बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और 6 हाई-पावर बाइक जब्त कर लीं। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर खतरनाक स्टंट और सड़क पर हुड़दंग करने वालों पर नियंत्रण करना है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी नाम से ग्रुप बनाकर भय का वातावरण न बनाएं। रील बनाने के लिए स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। साथ ही हथियारों के साथ फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अरनोद थाना पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है। आमजन ऐसे मामलों की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 8764535201 या प्रतापगढ़ पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर दे सकते हैं।