छोटीसादड़ी में माला पहने नेताओं के साथ समर्थक उपप्रधान चुनाव जीत के जश्न में दिख रहे हैं।

छोटीसादड़ी। छोटीसादड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद के बाद अब उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज कर अपना कब्जा बरकरार रखा है। शनिवार को हुए उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गुलाब धाकड़ ने भाजपा के विक्रम कुमावत को 12 मतों के अंतर से पराजित कर उपप्रधान पद हासिल किया।

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत कांग्रेस की ओर से गुलाब धाकड़ और भाजपा की ओर से विक्रम कुमावत ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद दोपहर 3 बजे मतदान कराया गया। मतगणना के बाद शाम 5 बजे चुनाव परिणाम घोषित किया गया। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी गुलाब धाकड़ को 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी विक्रम कुमावत को 3 मत प्राप्त हुए। इस तरह गुलाब धाकड़ ने 12 मतों से जीत दर्ज की।

निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी यतींद्र पोरवाल ने नवनिर्वाचित उपप्रधान गुलाब धाकड़ को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

जीत की घोषणा के साथ ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने प्रधान जगदीश प्रसाद मीणा और नवनिर्वाचित उपप्रधान गुलाब धाकड़ के साथ विजय जुलूस निकाला। इस दौरान आतिशबाजी और नारेबाजी की गई। समर्थकों ने स्वागत कर जीत का जश्न मनाया। इस परिणाम के साथ छोटीसादड़ी पंचायत समिति में प्रधान के बाद उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस का कब्जा हो गया।

Tags: