खुले मैदान में खड़ी मनरेगा महिला श्रमिक बैनर के साथ हाथ आगे बढ़ाकर शपथ ले रही हैं।

छोटीसादड़ी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शनिवार को मनरेगा महिला श्रमिकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने, लिंग भेदभाव समाप्त करने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया। साथ ही पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि लिंग जांच करवाना और करना दोनों ही कानूनन अपराध हैं। ऐसे मामलों की सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 3 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

जिला कलक्टर शुभम चौधरी के निर्देशानुसार और महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर के निर्देशन में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र की टीम ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। 60 दिवसीय विशेष अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मनरेगा महिला श्रमिकों को कानून और उनके अधिकारों की जानकारी देकर बेटियों के जन्म को सुरक्षित करने तथा उन्हें समान अधिकार दिलाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में परामर्शदाता निकिता मेघवाल ने पीसीपीएनडीटी एक्ट के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून वर्ष 1994 में बनाया गया था और 1 जनवरी 1996 से पूरे देश में लागू हुआ। वर्ष 2003 में इसमें संशोधन कर इसका दायरा बढ़ाया गया तथा लिंग चयन पर रोक लगाने के प्रावधान भी शामिल किए गए। उन्होंने बताया कि कानून का उल्लंघन करने वाले डॉक्टर, अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक अथवा संबंधित चिकित्सा कर्मियों को पहली बार दोष सिद्ध होने पर 3 वर्ष तक का कारावास और 10 हजार रुपए तक का जुर्माना हो सकता है।

परामर्शदाता लक्ष्मी चौहान ने कहा कि पीसीपीएनडीटी एक्ट का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को दंडित करना नहीं, बल्कि लिंग चयन और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाना है। उन्होंने महिलाओं से बेटी के जन्म को उत्सव की तरह मनाने, उसे बेहतर शिक्षा देने और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लिंग जांच करवाना और करना, दोनों ही कानूनन अपराध हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि लिंग जांच करवाने वालों की सही सूचना देने पर कुल 3 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलती है। पहले यह राशि 2.5 लाख रुपए थी, जिसे बढ़ाकर अब 3 लाख रुपए कर दिया गया है। इसके साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 और 1098 की जानकारी दी गई तथा जरूरत पड़ने पर इनकी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। इस जागरूकता अभियान के माध्यम से महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने, लिंग भेदभाव समाप्त करने और बालिकाओं को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए कानून के प्रति जागरूक किया गया।

Tags: