ब्यावर में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सजी रंगोली, महिलाओं ने मतदान के लिए ली शपथ
ब्यावर में जिला स्वीप टीम ने ‘आंगन की चौखट से लोकतंत्र की देहरी तक’ थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर रंगोली सजाई गई और महिलाओं सहित उपस्थित लोगों को अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई गई।
ब्यावर के आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित स्वीप कार्यक्रम में मतदान का संदेश देती रंगोली और मेहंदी रचाए हाथ, जहां महिलाओं को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई गई।
ब्यावर। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जिला स्वीप टीम की ओर से गुरुवार, 05 नवंबर को विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘आंगन की चौखट से लोकतंत्र की देहरी तक’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर रंगोली सजाकर मतदान का संदेश दिया गया। इस दौरान महिलाओं और उपस्थित जनसमूह को अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके मताधिकार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। रंगोली, संवाद और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अतिरिक्त जिला परियोजना अधिकारी धनदान देथा के निर्देशन में जिला स्वीप टीम की ओर से विभिन्न विभागों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में थीम आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाने और शत-प्रतिशत मतदान के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका समझने और मतदान के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित इन गतिविधियों के जरिए मतदान जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।