ब्यावर में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा का जायजा लेते जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना और पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़।

ब्यावर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के दौरान गुरुवार, 5 नवम्बर को चार पंचायत समितियों की 116 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में लोकतंत्र के प्रति उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना और पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

सरपंच चुनाव के दौरान दोनों अधिकारियों ने नरबदखेड़ा, कोटड़ा, काबरा, राजियावास, जवाजा, तारागढ़ और लसाडिया के मतदान बूथों का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया की स्थिति, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, स्वच्छता, छाया सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की, ताकि मतदान के लिए पहुंचने वाले मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान करने पहुंचे मतदाताओं से संवाद कर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में उनका फीडबैक भी लिया। अधिकारियों के निरीक्षण का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए निर्वाचन व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा।

Tags: