तस्वीर में विरार पुलिस स्टेशन के अंदर क्राइम ब्रांच के अधिकारी और पुलिसकर्मी एक बरामद देशी कट्टा और कारतूस प्रदर्शित करते हुए नजर आ रहे हैं।

विरार में मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन-3 की क्राइम ब्रांच विरार यूनिट-03 ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए विरार पुलिस के हवाले कर दिया।

क्राइम ब्रांच विरार यूनिट-03 के पीआई शाहुराज रणवरे को एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के लिए विरार क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद उनके मार्गदर्शन में एपीआई अमोल तटकरे और उनकी टीम ने विरार पूर्व स्थित गोपचर पाड़ा इलाके में जाल बिछाया।

कुछ देर बाद पुलिस टीम को दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में टहलते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को तत्काल पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनवाज मोलिम बागवान, उम्र 21 वर्ष, निवासी फ्रूट वेयरहाउस, गांव वाड़ी, विरार पूर्व और गोविंदा सदानंद गुप्ता, उम्र 19 वर्ष, निवासी सहयोग बिल्डिंग, कमरा नंबर 01, गोपचरपाड़ा, विरार पूर्व के रूप में हुई है। दोनों का पेशा फल विक्रेता है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस सहित कुल 35 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विरार पुलिस स्टेशन में इंडियन पीनल कोड की धारा 3 (5) के साथ इंडियन आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस एक्ट, 1951 की धारा 37 (1) (3) और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मामले की जांच अब विरार पुलिस स्टेशन कर रहा है। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Tags: