मुंबई के प्रतीक्षा नगर स्थित माला गार्डन में टूटा हुआ गज़ेबो और बिखरा मलबा।

मुंबई के सायन (पूर्व) इलाके में बुधवार, 12 अगस्त 2026 की शाम एक हादसे में प्रतीक्षा नगर स्थित बीएमसी के ‘माला गार्डन’ में बने गज़ेबो की सीमेंट स्लैब अचानक ढह गई। हादसे की चपेट में आने से पार्क में बैठे 5 वरिष्ठ नागरिक घायल हो गए। सभी घायलों का सायन अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

दुर्घटना शाम करीब 4:48 बजे हुई। प्रतीक्षा नगर में टी/18 इमारत के सामने स्थित माला गार्डन में लोहे के फ्रेम और सीमेंट स्लैब से बना गज़ेबो था। यहां स्थानीय बुजुर्ग अक्सर शाम के समय विश्राम करने और बातचीत करने के लिए बैठते हैं। बुधवार शाम भी रोजाना की तरह कुछ वरिष्ठ नागरिक गज़ेबो के नीचे मौजूद थे, तभी अचानक इसकी ऊपरी स्लैब ढह गई।



स्लैब गिरने से पांच वरिष्ठ नागरिक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी तत्काल मुंबई फायर ब्रिगेड और बीएमसी आपदा प्रबंधन को दी गई।

फायर ब्रिगेड की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए निजी एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के सायन अस्पताल पहुंचाया। सायन अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन के अनुसार, हादसे में कुल 5 लोग घायल हुए हैं।

घायलों में ढोंडीराम घोपकर (65 वर्ष), गणपत आंबोले (79 वर्ष), प्रमिला जाधव (68 वर्ष), लक्ष्मी शितलिया (65 वर्ष) और सुनिता मोरे (64 वर्ष) शामिल हैं। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने या जान जाने की खबर नहीं है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और बीएमसी वार्ड का अमला भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद गिरे हुए स्लैब और मलबे को साफ करने का काम शुरू किया गया। हादसे में पांच वरिष्ठ नागरिक घायल हुए, जबकि सभी की स्थिति स्थिर रहने से फिलहाल बड़ी जनहानि टल गई है।

Tags: