गोवंडी में बच्चों को बेहतर और मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। गोवंडी (पश्चिम) स्थित शिवाजी नगर मार्केट के पास बाजीप्रभू देशपांडे मार्ग पर नवनिर्मित शालेय परिसर में ‘मुंबई पब्लिक स्कूल, शिवाजी नगर अंग्रेजी स्कूल नंबर 1’ की शुरुआत की गई है। स्कूल में अंग्रेजी माध्यम से जूनियर केजी से कक्षा 4 तक नए दाखिले शुरू हो चुके हैं।

यह स्कूल महाराष्ट्र राज्य बोर्ड के पाठ्यक्रम पर आधारित है। बीएमसी शिक्षा विभाग ने विशेष निर्णय लेते हुए गोवंडी और आसपास के क्षेत्रों में संचालित अवैध स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को इस सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्राथमिकता के आधार पर दाखिला देने की व्यवस्था की है।

इस पहल का उद्देश्य गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को अवैध स्कूलों से निकालकर बेहतर, मुफ्त और सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। बीएमसी प्रशासन के अनुसार, स्कूल में सीटें सीमित हैं। ऐसे में अधिक से अधिक अभिभावकों से अपने बच्चों का दाखिला कराने और इस सरकारी सुविधा का लाभ उठाने की अपील की गई है।

प्रवेश लेने के इच्छुक माता-पिता पहली मंजिल, मुंबई पब्लिक स्कूल, शिवाजी नगर स्कूल कॉम्प्लेक्स नंबर-4, बाजीप्रभू देशपांडे मार्ग, शिवाजी नगर मार्केट के पास, गोवंडी (पश्चिम) पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

गोवंडी में शुरू किया गया यह नया सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल क्षेत्र के बच्चों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की बीएमसी की पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अवैध स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को प्राथमिकता देने के फैसले से उन्हें सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था से जोड़ने का रास्ता खुला है।

Tags: