तस्वीर में बीएमसी मुख्यालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने मुंबई के सभी मतदाता पंजीकरण अधिकारियों को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बीएमसी मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 तय है। ऐसे में बचे हुए केवल चार दिनों में अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ काम करते हुए प्रक्रिया को समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरा करें।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े मौजूद रहीं। उनके अलावा अतिरिक्त बीएमसी आयुक्त प्राजक्ता वर्मा, डॉ. विपिन शर्मा, अभिजीत बांगर, डॉ. अविनाश ढाकणे, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल और मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार सहित निर्वाचन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



समीक्षा के दौरान एस. चोक्कलिंगम ने बूथ स्तर के अधिकारियों के पास 'बुक ए कॉल' सुविधा के माध्यम से पहुंच रही मतदाताओं की शंकाओं और शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष गणना फॉर्म जल्द एकत्र करने के साथ डेटा एंट्री का काम भी तेजी से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भिड़े ने भी अधिकारियों को चिह्नित मतदाताओं की जांच के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए, जबकि मृत या अन्य जगह जा चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं।

घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरने, फॉर्म जमा करने और ऑनलाइन डेटा एंट्री के लिए अब बेहद कम समय बचा है। ऐसे में बीएमसी और चुनाव विभाग मुंबई शहर तथा मुंबई उपनगरों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए जुट गया है।

Tags: