तस्वीर में विधायक विलास तरे आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. को ज्ञापन सौंपते हुए।

आगामी गणेशोत्सव के मद्देनजर वसई, नालासोपारा और विरार की सड़कों की बदहाली को लेकर शिव सेना विधायक विलास तरे ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) के आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. को एक लिखित निवेदन सौंपकर जोरदार मांग की है कि त्योहार शुरू होने से पहले शहर की खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत कर नागरिकों को गड्ढा मुक्त और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराए जाएं।

विधायक विलास तरे ने पत्र में स्पष्ट किया कि महानगरपालिका क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक एफ, जी और सी सहित शहर के पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों पर गड्ढों की संख्या तेजी से बढ़ी है और कई स्थानों पर सड़कों की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ गई है। इस विकट स्थिति के कारण नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर जलभराव और गड्ढों की वजह से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी निरंतर बना हुआ है।

गणेशोत्सव के दौरान शहर में होने वाली भारी भीड़ और धार्मिक आयोजनों का हवाला देते हुए तरे ने कहा कि भगवान गणेश की आगमन और विसर्जन यात्राओं के साथ-साथ बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्य और आंतरिक सड़कों का सुचारू होना अनिवार्य है। उन्होंने आयुक्त से मांग की कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से तत्काल सड़कों का निरीक्षण करवाया जाए और मरम्मत कार्यों का प्राथमिकता क्रम निर्धारित किया जाए। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन केवल तात्परुते गड्ढे भरने की खानापूर्ति न करे, बल्कि जहां आवश्यक हो वहां गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ मरम्मत कार्य किया जाए। साथ ही, जिन स्थानों पर पानी जमा होता है, वहां जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक विलास तरे ने विशेष रूप से राजावली, वसई फाटा, गवराई पाडा, वाकणपाडा, संतोष भवन, वालीव, भोयदापाडा, सातिवली, धानिव, पेल्हार, गोखिवरे और शिरसाड क्षेत्रों के मुख्य, आंतरिक और औद्योगिक मार्गों के साथ-साथ गणेशोत्सव जुलूस मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. से अनुरोध किया है कि सभी निर्माण कार्य गणेशोत्सव से पूर्व पूर्ण किए जाएं ताकि नागरिकों की परेशानियों का स्थायी समाधान हो सके।

Tags: