मुंबई कोस्टल रोड टनल में हादसा, कार और टैक्सी की टक्कर से ट्रैफिक जाम
बीएमसी और पुलिस की आपातकालीन टीमों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। टनल में गति सीमा बनाए रखने की अपील जारी।
तस्वीर में मुंबई तटीय सड़क सुरंग के भीतर कारों की कतार और ट्रैफिक जाम दिख रहा है।
मुंबई कोस्टल रोड पर नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर जाने वाली सुरंग में शाम करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार कार और टैक्सी के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद व्यस्त समय में कोस्टल रोड पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मार्ग जाम हो गया।
दुर्घटना के कारण शाम को घर लौट रहे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते टनल से लेकर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गाड़ियां काफी देर तक रेंगती हुई नजर आईं और चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई ट्रैफिक पुलिस और बीएमसी की आपातकालीन बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य करने का काम शुरू किया।
शाम के समय सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यातायात सामान्य होने में काफी समय लगा। हालांकि पुलिस की तत्परता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया गया।
बीएमसी और ट्रैफिक पुलिस विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे टनल के भीतर तय सीमा में ही गाड़ियां चलाएं और रफ्तार पर नियंत्रण रखें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके। बीएमसी प्रशासन का कहना है कि सुरंग के अंदर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।